एम्बुलेंस होते हुए भी जनता परेशान : शिमला जिला के चमियाना वार्ड से जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है।
खुश विक्रम सेन ने कहा कि *क्षेत्र के लिए अगस्त माह में एम्बुलेंस की व्यवस्था कर दी गई थी,* लेकिन आज अक्टूबर माह समाप्त होने को है, फिर भी वह एम्बुलेंस जनता की सेवा में नहीं लग पाई है।
इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित एम्बुलेंस चालक की डेप्युटेशन कहीं और की गई है और सरकार व स्वास्थ्य विभाग उसकी डेप्युटेशन को आज तक कैंसिल नहीं करवा पाया है।
खुश विक्रम सेन ने कहा, "एम्बुलेंस लाना हमारा काम था, जो हमने कर दिया। लेकिन चालक की डेप्युटेशन कैंसिल करवाना सरकार का काम है। अगर इस दौरान किसी मरीज के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य मंत्री लेंगे या माननीय मुख्यमंत्री?"
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध होने के बावजूद उसका लाभ नहीं मिल रहा है, जिसके चलते गर्भवती महिलाओं सहित कई मरीजों को खाली पेट शिमला जाना पड़ रहा है।
*उन्होंने सरकार से मांग की है कि तुरंत चालक की डेप्युटेशन रद्द कर एम्बुलेंस सेवा शुरू की जाए, ताकि क्योंथल क्षेत्र की गरीब जनता को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।*
---
Shimla Urban, Shimla | Oct 21, 2026