बाजितपुर में खेत में अचेत मिलीं तीन लड़कियां, दो की मौत, एक का इलाज जारी
बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में शुक्रवार को खेत में चारा लाने गईं तीन लड़कियां अचेत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई . जानकारी के अनुसार तीनों लड़कियां सुबह करीब 10 बजे मवेशियों के लिए चारा लेने खेत गई थीं . करीब 12 बजे ग्रामीणों को तीनों के खेत में अचेत पड़े होने की जानकारी मिली . इसके बाद परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे . रास्ते में ही राम इकबाल सदा की पुत्री रेशमा कुमारी की मौत हो गई . रेशमा की मां के अनुसार उसकी शादी मई 2026 में बैरगनिया थाना क्षेत्र के बैंगनी निवासी धर्म माझी से हुई थी . वहीं घनश्याम सदा की पुत्री सपना कुमारी की शुक्रवार देर शाम सीतामढ़ी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई . तीसरी लड़की राजाराम सदा की पुत्री कविता कुमारी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है . दोनों मृत लड़कियों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है . घटना की जानकारी मिलने पर सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर बाजितपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार के लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली . घटना के कारणों को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है .
Bajpatti, Sitamarhi | Aug 22, 2026