जनसुनवाई में 108 आवेदनों पर हुई सुनवाई
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश मऊगंज 28 जुलाई 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में 108 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।
जनसुनवाई के दौरान हनुमना तहसील के ग्राम देवरा निवासी महेंद्रनाथ साकेत पिता रामनाथ साकेत ने अवैध कब्जा हटाने हेतु आवेदन दिया जिस पर कलेक्टर ने खटखरी नायब तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। मऊगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम अमोखर निवासी रमेश पांडेय द्वारा पुश्तैनी रास्ता बहाल कराए जाने हेतु आवेदन दिया जिस पर तहसीलदार मऊगंज को स्थल मुआयना कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सुहैल अंसारी निवासी ग्राम खटखरी द्वारा गंभीर बीमारी के सहायता हेतु आवेदन दिया किस पर कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर मऊगंज को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसकी प्रकार ग्राम पंचायत कुलबहेरिया के श्रवण कुमार तिवारी ने ग्राम पंचायत भवन से बसाहट तक जाने वाली मुख्य सड़क को मरम्मत कराए जाने का आवेदन दिया जिस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद मऊगंज को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए । हनुमना तहसील के बहुती ग्राम वासियों द्वारा आवेदन दिया कि ग्राम में नवीन विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया जाए जिस पर कलेक्टर ने सहायक यंत्री नियमानुसार कार्य करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार राम मनोहर साकेत निवासी शुकुलगवां ने अवैध कब्ज़ा हटाए जाने का आवेदन दिए जिस पर राजस्व विभाग को मौके पर स्थल जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीम हनुमना राजेश मेहता,एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक-46-254-फोटो क्रमांक 01, 02 संलग्न है।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन पर स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित
मऊगंज 28 जुलाई 2026. राज्य निर्वाचन आयोग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत अंतिम प्रकाशन के संबंध में गुरुवार 23 जुलाई को कलेक्ट्रेट में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने की।
बैठक में निर्वाचन इलेक्शन सुपरवाइजर तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी और इंडियन नेशनल कांग्रेस ,बहुजन समाज पार्टी आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और विचार रखे। बैठक के दौरान डुप्लीकेट मतदाताओं पर की जा रही कार्रवाई, ऑनलाइन मतदाता पंजीयन, दावा-आपत्ति केंद्रों की स्थापना एवं उनके निराकरण, राजनीतिक दलों को मतदाता सूची उपलब्ध कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की एक-एक प्रति उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रदान की गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए आयोग के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बन सके। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, हनुमान नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
Huzur Nagar, Rewa | Jul 28, 2026