*शाहजहांपुर में ट्रक की टक्कर से दादा-पोते की मौत:* बाइक से रूद्रपुर से लौटे बेटे को लेने जा रहे थे, 1 KM दूर इंतजार कर रहे मृतक बच्चे के पिता सर्वेश का रो रोकर बुरा हाल
https://dainik.bhaskar.com/zseUzy7473b
शाहजहांपुर में एक सड़क हादसे में दादा और पोते की मौत हो गई। यह हादसा खुदागंज थाना क्षेत्र के बीसलपुर रोड पर शनिवार रात करीब नौ बजे हुआ। मृतकों की पहचान खुदागंज निवासी 52 वर्षीय बुधपाल और उनके पांच वर्षीय पोते अर्णव के रूप में हुई है।
अर्णव के पिता सर्वेश रुद्रपुर में निजी नौकरी करते हैं। धान का सीजन होने के कारण वह शनिवार शाम रुद्रपुर से अपने घर लौट रहे थे। सर्वेश खुदागंज में पक्का तालाब के पास खड़े होकर अपने पिता और बेटे का इंतजार कर रहे थे।
बुधपाल अपने पोते अर्णव को बाइक पर लेकर सर्वेश को लेने जा रहे थे। सब्जी मंडी के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को एक वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मारी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि टक्कर ट्रक ने मारी थी। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सर्वेश घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर उनका इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही वह पैदल दौड़कर मौके पर पहुंचे। बेटे और पिता के शव देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अर्णव की मां सुधा भी सदमे में हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ तिलहर इशिता सिंह ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दादा और पोते की मौत हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।