छतरपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रोशनी पटेल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी मौत करंट लगने से हुई बताई जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि रोशनी की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। विवाह के दौरान दहेज में लगभग 10 लाख रुपए नकद सहित अन्य सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त 5 लाख रुपए की मांग की जा रही थी।
परिजनों के अनुसार, अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रोशनी को प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष का आरोप है कि पति डॉ. अशोक पटेल द्वारा कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई थी। मृतका के पिता ने बताया कि कुछ समय पहले वह रामनगर जाकर दोनों पक्षों को समझाइश देकर आए थे। उनका कहना है कि उन्होंने ससुराल पक्ष को 5 लाख रुपए की व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया था।
पिता के अनुसार, समझाइश के महज तीन दिन बाद उन्हें सूचना मिली कि रोशनी को करंट लग गया है और उसकी मौत हो गई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी की भूमिका पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।