जंजीरों से मिली मुक्ति, लावारिस को मिला सहारा: अपना घर आश्रम ने दो असहाय प्रभुजी को दिया नया जीवन
#apnagharaashram #udaipur #news
उदयपुर: मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अपना घर आश्रम उदयपुर ने सोमवार को दो असहाय एवं बेसहारा प्रभुजी को सेवा, उपचार एवं पुनर्वास के लिए आश्रम में भर्ती किया।
आश्रम अध्यक्ष गोपाल कनेरिया ने बताया कि जगन्नाथ मीणा (पिता–हीरालाल मीणा), निवासी अमरपुरा फल चौराहा, कल्याणपुर, ऋषभदेव (उदयपुर), पिछले छह-सात वर्षों से मानसिक अस्वस्थता से पीड़ित थे। पिछले दो माह से उनकी असामान्य गतिविधियों के कारण परिवार अत्यंत परेशान था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने विवश होकर उन्हें जंजीरों से बांध रखा था। ग्रामीणों के आग्रह एवं परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष मानवीय आधार पर उन्हें अपना घर आश्रम उदयपुर में भर्ती किया गया, जहां अब उनका समुचित उपचार, सेवा एवं पुनर्वास किया जाएगा।
इसी प्रकार झाड़ोल-फलासिया क्षेत्र के कोल्यारी गांव से डॉ. हेमेंद्र शक्तावत द्वारा प्राप्त सूचना पर अपना घर आश्रम की रेस्क्यू टीम ने लंबे समय से लावारिस एवं आश्रयहीन अवस्था में गांव गांव भटक रहे एक अज्ञात व्यक्ति का रेस्क्यू किया। उसे भी सेवा, उपचार एवं पुनर्वास के लिए आश्रम में भर्ती कराया गया।
गोपाल कनेरिया ने बताया कि अपना घर आश्रम उदयपुर का उद्देश्य सड़क, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस, मानसिक रूप से अस्वस्थ, असहाय एवं आश्रयहीन लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन प्रदान करना है। आश्रम में ऐसे प्रभुजी को परिवार जैसा वात्सल्यपूर्ण वातावरण, नियमित भोजन, चिकित्सा, वस्त्र, देखभाल तथा पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। स्वस्थ होने पर उनके परिजनों की तलाश कर उन्हें पुनः परिवार से मिलाने का भी सतत प्रयास किया जाता है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि आपको कहीं भी कोई लावारिस, आश्रयहीन, मानसिक रूप से अस्वस्थ अथवा ऐसा व्यक्ति दिखाई दे, जो अपने परिवार का पता बताने में असमर्थ हो, तो इसकी सूचना तुरंत अपना घर आश्रम उदयपुर के हेल्पलाइन नंबर 7412061028 अथवा 9413479996 पर दें। आपकी एक सूचना किसी असहाय व्यक्ति को नया जीवन और अपने परिवार से मिलने का अवसर प्रदान कर सकती है।
गोपाल कनेरिया
Girwa, Udaipur | Jul 28, 2026