शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सरकारी क्वार्टर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। स्वास्थ्यकर्मी भगवंती बरकडे अस्पताल में रात्रि ड्यूटी पर थीं। रात करीब 3 बजे जब वह क्वार्टर पहुंचीं तो आहट सुनकर चोर कंबल ओढ़कर भाग निकले। भागते समय भगवंती बरकडे ने चोरों पर पत्थर भी फेंके। पास ही स्थित निलंबित कर्मचारी महेंद्र बाथाम के सरकारी क्वार्टर के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी जानकारी महेंद्र बाथाम के आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।