➡️ #दुग्ध_समृद्धि_संपर्क_अभियान के तहत जिले में पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन के लिए किया जागरूक
दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पशुपालकों से संवाद कर उन्हें वैज्ञानिक पशुपालन, पशु स्वास्थ्य, नस्ल सुधार तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान शासन की विभिन्न पशुपालन एवं दुग्ध विकास योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत विकासखंड शाहपुर के ग्राम भौंरा में घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके एवं भूतपूर्व जनपद सदस्य श्री अशोक सिरोटिया ने पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान पशुपालकों को गौरस ऐप की जानकारी दी गई तथा अभियान से संबंधित रील भी साझा की गई। क्षीरधारा ग्राम के संबंधित पशुपालक को माननीय विधायक द्वारा चरी-चारा बीज का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सिंह एवं सहायक पशुचिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री मुकुल चौधरी उपस्थित रहे।
विकासखंड मुलताई के ग्राम मुलताई में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त जिला पंचायत बैतूल अध्यक्ष श्री राजा पवार ने पशुपालक श्री प्रदीप पवार के यहां निरीक्षण एवं संवाद किया। इस अवसर पर उन्नत नस्ल के लिए कृत्रिम गर्भाधान एवं सेक्स-सॉर्टेड सीमेन के उपयोग, संतुलित आहार, सायलेज, मिनरल मिक्सचर, कृमिनाशक दवाओं के नियमित उपयोग तथा समय-समय पर टीकाकरण सहित आधुनिक वैज्ञानिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक पशुपालन अपनाकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उत्पादन लागत कम करने तथा अधिकतम आर्थिक लाभ अर्जित करने के उपायों से अवगत कराया गया। पशुपालक द्वारा बताई गई आवश्यकताओं एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग भोपाल डॉ. सुनील परनाम तथा उप संचालक बैतूल डॉ. सुरजीत सिंह उपस्थित रहे।
इसी क्रम में पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक, विधानसभा घोड़ाडोंगरी श्री रामजीलाल उइके ने दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तृतीय चरण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. कीर्ति ठाकरे एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री मनीराम अहाके उपस्थित रहे। श्री उइके ने पशुपालकों से विभाग द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें गौरस ऐप का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
विकासखंड के ग्राम बोरदेही में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने पशुपालक श्री अरविंद से संवाद किया। इस दौरान दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं के संतुलित पोषण तथा वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने विशेष रूप से पशुओं को नियमित रूप से मिनरल मिक्सचर खिलाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके नियमित उपयोग से पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, दुग्ध उत्पादन एवं प्रजनन क्षमता में सुधार होता है तथा खनिज तत्वों की कमी से होने वाली समस्याओं की रोकथाम होती है। उन्होंने पशुपालकों को इसकी उचित मात्रा एवं उपयोग की विधि भी समझाई। संवाद के दौरान पशुपालकों ने अपने अनुभव एवं समस्याएं साझा कीं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Jul 19, 2026