*इंदौर में टी.बी. मुक्त पंचायतों का सम्मान, जिला स्तरीय JOSH टीम के कार्यों का शुभारंभ*
---
*टी.बी. उन्मूलन के लिए युवाओं की सहभागिता से बढ़ेगा जनजागरूकता अभियान*
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
टी.बी. मुक्त भारत अभियान को गति देने तथा जिले में टी.बी. उन्मूलन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यक्रम गुरुवार को एम.जी.एम. मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ऑडिटोरियम, ढक्कन वाला कुआं, इंदौर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय ज्वाइंट स्क्वायड फॉर हेल्थ (JOSH) टी.बी. मुक्त भारत टीम के कार्यों का शुभारंभ किया गया। साथ ही दिल्ली से राष्ट्रीय स्तर पर JOSH अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री शंकर लालवानी ने जिले में JOSH कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा टी.बी. मुक्त घोषित पंचायतों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदौर हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है और सामूहिक प्रयासों से इंदौर जिला भी शीघ्र ही टी.बी. मुक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने टी.बी. मुक्त भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से टी.बी. के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को उपचार के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
इंदौर जिले में विकासखंड स्तर पर 12 टी.बी. मुक्त भारत समितियों का गठन किया गया है। प्रत्येक समिति में प्रथम श्रेणी अधिकारी को टीम लीडर बनाया गया है। टीम में 5 मेरा युवा भारत वालेंटियर तथा 5 एनसीसी कैडेट्स शामिल हैं। JOSH टीम के सदस्य आमजन को टी.बी. की रोकथाम, जांच एवं उपचार के संबंध में परामर्श देने के साथ ही टी.बी. मरीजों को निर्धारित औषधियों का पूरा डोज लेने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके माध्यम से टी.बी. से संबंधित भ्रम एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा उपचार के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि JOSH कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को टी.बी. उन्मूलन अभियान से जोड़ना एक महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं के माध्यम से जब लोगों को सही परामर्श और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, तो टी.बी. से जुड़े भ्रम एवं भ्रांतियां दूर होंगी तथा मरीजों में उपचार पूरा करने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से टी.बी. उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में जिले को महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पंचायती राज विभाग एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के संयुक्त प्रयासों से वर्ष 2025 में इंदौर जिले की 135 ग्राम पंचायतों को चरणबद्ध रूप से टी.बी. मुक्त घोषित किया गया है। इनमें 37 ग्राम पंचायतों को स्वर्ण पदक, 47 को रजत पदक तथा 51 ग्राम पंचायतों को कांस्य पदक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा अपनी-अपनी पंचायतों के लिए पदक ग्रहण किए गए।
कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र जैन, जिला युवा अधिकारी श्री पंकज गोस्वामी, शहरी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, पुरस्कृत ग्राम पंचायतों के सरपंच, JOSH टीम के सदस्य तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
---
#JansamparkMP #indore #इंदौर #TBUnmulan #TBMuktBharat #JOSH
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Indore Commissioner
Indore, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026