मऊगंज में नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित
-------------
कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मऊगंज में संस्था रमाशिव बहुदेशीय विकास समिति द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
"नशा मुक्त भारत, विकसित भारत की पहचान" विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य उपस्थितजनों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर 17 जून से 26 जून 2026 तक संचालित नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। विद्यालय के प्राचार्य श्री भोलेनाथ उपाध्याय ने उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अग्निवीरों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। विद्यालय के शिक्षकों ने अपने उद्बोधन में कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। नशे की प्रवृत्ति स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक चुनौतियों को भी जन्म देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षिका किरण पांडे, गायत्री पांडे, सहयोगी उमेश रावत, बीनू यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Jansampark Madhya Pradesh
#mauganj
64 views | Rewa, Madhya Pradesh | Jun 23, 2026