शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कथित ठगी: संतकबीरनगर पुलिस ने ₹1 करोड़ की संपत्ति कुर्क
संतकबीरनगर। शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह के विरुद्ध संतकबीरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ स्थित लगभग ₹1 करोड़ मूल्य की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत की गई है।पुलिस के अनुसार, TVS Solution Company के माध्यम से कथित रूप से पोंजी/पिरामिड योजना संचालित कर निवेशकों से लगभग ₹15 से ₹20 करोड़ की ठगी की गई। इस मामले में धनंजय शुक्ला, रजनी प्रजापति सहित चार आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना और महुली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन तथा डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की संपत्तियों का पता लगाकर कुर्की की कार्रवाई की गई।एसपी ने बताया कि सह-अभियुक्त विक्रांत प्रकाश सिंह की लगभग ₹4 करोड़ मूल्य की अन्य संपत्तियों की भी पहचान की गई है, जिनके संबंध में वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा मामले की विवेचना के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।