भर्ती सुधार यात्रा पहुंची पाकुड़ और साहिबगंज, छात्रों ने उठाई परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
पाकुड़/साहिबगंज। झारखंड में JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। इसी कड़ी में चल रही भर्ती सुधार यात्रा के छठे दिन शनिवार को पाकुड़ और साहिबगंज पहुंची।
यात्रा की शुरुआत पाकुड़ में सिदो-कान्हू और चांद-भैरव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान उनके संघर्ष और वीर गाथाओं को याद किया गया। तेज धूप के बावजूद यात्रा में छात्रों का उत्साह बना रहा।
इसके बाद यात्रा साहिबगंज जिले के बरहरवा पहुंची, जहां छात्रों ने सरकार की भर्ती व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई और सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
शाम को यात्रा राजमहल पहुंची। यहां राजमहल चौक से स्टेशन चौक तक छात्रों और अभिभावकों ने पदयात्रा निकाली। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में लोग पदयात्रा में शामिल रहे। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में शहीदों के जयकारे लगाए गए।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि “संथाल परगना की धरती आंदोलनकारियों की धरती रही है।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र के छात्र और युवा सरकार की भर्ती व्यवस्था को लेकर नाराज हैं। सरकार को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के साथ जरूरी सुधार करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए।
भर्ती सुधार यात्रा का सातवां दिन रविवार को गोड्डा जिले में होगा।
#भर्ती_सुधार_यात्रा #JPSC #JSSC #झारखंड #पाकुड़ #साहिबगंज #राजमहल #गोड्डा #देवेंद्रनाथमहतो #छात्रआंदोलन #भर्ती_सुधार #युवा_आंदोलन #परीक्षा_में_पारदर्शिता #JharkhandNews #JPSCJSSC