महज 72 घंटे में 18 वर्षीय युवती को सकुशल ढूंढ़ लाई पंचकूला पुलिस, जयपुर से बरामद कर परिजनों को सौंपा
पंचकूला/ 27 जुलाई:- पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस गुमशुदा व्यक्तियों की सुरक्षित बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार संवेदनशीलता, तत्परता और पेशेवर ढंग से कार्य कर रही है। किसी भी गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर लापता व्यक्तियों की सुरक्षित तलाश सुनिश्चित कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय गुमशुदा युवती को मात्र तीन दिन के भीतर जयपुर से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी अमरावती में एक परिवार ने सूचना दी कि उनकी 18 वर्षीय बेटी बिना किसी को बताए घर से चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि घर में हुई मामूली डांट-फटकार के बाद वह नाराज़ होकर चली गई थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न तकनीकी माध्यमों के आधार पर युवती की जानकारी जुटाई, जिससे जानकारी मिली कि वह जयपुर में मौजूद है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 जुलाई 2026 को युवती को सकुशल बरामद कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त किया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि परिवार का कोई सदस्य अचानक लापता हो जाए तो समय गंवाए बिना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर सूचना दें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की भी अपील की।