#चंदनकियारी मानपुर दुर्गा मंदिर में विधि-विधान से हुई नवपत्रिका पूजा, ढाक-ढोल के साथ तालाब पहुंचे श्रद्धालु
चंदनकियारी :मानपुर दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा की सप्तमी तिथि पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नवपत्रिका पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा की नवपत्रिका को पालकी में विराजमान कर ढाक-ढोल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच श्रद्धालु तालाब पहुंचे। वहां पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ नवपत्रिका का स्नान एवं पूजन संपन्न कराया।
पूजा-अर्चना के पश्चात नवपत्रिका को पालकी में लेकर श्रद्धालु पुनः दुर्गा मंदिर पहुंचे। मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद मां दुर्गा की सप्तमी पूजा प्रारंभ हुई। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ पूजा में भाग लिया।