#नहीं_देखा_होगा_ऐसा_कारनामा
भरतपुर। सेवर-मथुरा बाईपास स्थित अंबेडकर छात्रावास के पास सुभाष नगर में नगर निगम की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके में जलभराव के पानी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजने के लिए नगर निगम ने पाइप खरीदने से बचने का अनोखा तरीका निकाला। पंप के माध्यम से पानी की निकासी के लिए पाइप डालने के बजाय मौके पर नाली खुदवा दी गई, ताकि पानी बहकर दूसरी जगह पहुंच सके। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महज कुछ फीट पाइप बचाने के चक्कर में की गई इस अंधाधुंध खुदाई के दौरान क्षेत्रवासियों की पेयजल पाइपलाइन भी तोड़ दी गई। नगर निगम की इस कारस्तानी से गुस्साए लोगों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तुरंत क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत और समस्या के निस्तारण की मांग की है।