*NH-227 पर सघन वाहन जांच अभियान, हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग पर पुलिस की विशेष नजर*
भिट्ठा (सीतामढ़ी)। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि और लोगों की जान जोखिम में पड़ने की घटनाओं को देखते हुए भिट्ठा थाना पुलिस द्वारा NH-227 स्थित श्रीखंडी भिट्ठा कंटाही पोखर के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी दीपक पटेल ने किया।
जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट तथा ट्रिपल लोडिंग पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा वाहन के आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी दीपक पटेल ने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत और गंभीर चोट लगने की खबरें सामने आती रहती हैं। कई मामलों में हेलमेट नहीं पहनने और ट्रिपल लोडिंग के कारण दुर्घटनाएं और अधिक घातक साबित होती हैं। लोगों की सुरक्षा और सड़क हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट का उपयोग करें तथा ट्रिपल लोडिंग से बचें। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
भिट्ठा थाना पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर आगे भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।