देवास। अमृत हरित महाअभियान-2026 के तहत शुक्रवार को नगर निगम ने शंकरगढ़ पहाड़ी पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया। विधायक गायत्री राजे पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राय सिंह सेंधव, महापौर गीता अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने पौधारोपण किया। विधायक पंवार ने बताया कि नगर निगम ने 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि शंकरगढ़ पहाड़ी को फिर से हरा-भरा बनाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन, नगर निगम और शहरवासी मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि आने वाले समय में यह पहाड़ी हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रमुख केंद्र बन सके।