नल-जल योजना के 65 पाइप चोरी करते दो आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, डीसीएम ट्रक जब्त
कोडरमा। सतगावाँ थाना क्षेत्र के ग्राम दुमदुमा में नल-जल योजना के लिए रखे गए पाइपों की चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के दौरान रंगे हाथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा पाइपों से लदा एक डीसीएम ट्रक भी जब्त किया है।पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को सूचना मिली थी कि दुमदुमा गांव में जलापूर्ति योजना के निर्माण कार्य के लिए रखे गए डीआई पाइपों को अज्ञात लोग डीसीएम वाहन में लोड कर चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सतगावाँ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए वाहन चालक आनन्दु कौर तथा उपचालक राहुल मंडल, दोनों निवासी जिला हुगली (पश्चिम बंगाल), को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से डीसीएम ट्रक (संख्या डब्लू बी15एल-1467) पर लोड 65 पीस डीआई पाइप बरामद किए गए। पुलिस ने ट्रक के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
इस संबंध में जलापूर्ति योजना के ठेकेदार प्रदीप राम के लिखित आवेदन पर सतगावाँ थाना कांड संख्या 62/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस चोरी में अन्य किन लोगों की संलिप्तता रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए जांच जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।