*"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान: राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने किया वृहद वृक्षारोपण, कहा- पर्यावरण संरक्षण हम सबका दायित्व*
जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 12 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज *दानिश आजाद अंसारी* ने रविवार को भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बस्ती में आयोजित "एक पेड़ माँ के नाम" कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण अभियान में बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने स्वयं पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि *"वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए सभी से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी रोपे पौधे*
इस अवसर पर *जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा, विधायक हर्रैया अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, वरिष्ठ नेता जगदीश शुक्ला, ब्लाक प्रमुख सदर राकेश श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार* सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी पौधारोपण किया।
जिला अध्यक्ष *विवेकानंद मिश्र* ने कहा *"वृक्ष लगाओ पुण्य कमाओ"*। उन्होंने लोगों से अपील की कि हमें पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए संकल्प लेना होगा।
विधायक हर्रैया *अजय सिंह* ने कहा *"एक पेड़ सौ पुत्र के समान है"*। उन्होंने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाने के लिए हम सभी को संकल्प लेना होगा।
इस अवसर पर *राजमाता अशिमा सिंह* ने भी पर्यावरण संरक्षण के विषय में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, ने कहा *पेड़ और मनुष्य का जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं।* पेड़ हमें ऑक्सीजन देते हैं, गर्मी से राहत देते हैं और बारिश को आकर्षित करते हैं। आज दूषित वातावरण, बढ़ता प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं का एकमात्र समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही है। *एक पेड़ लगाना मतलब आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन बचाना है।* आइए हम सब "एक पेड़ माँ के नाम" लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लें। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
*संवाददाता: हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Jul 12, 2026