ठीकरी में दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण चिन्हांकन व कृत्रिम अंग वितरण शिविर संपन्न
..................
165 दिव्यांगों व वरिष्ठ जनों का हुआ पंजीयन, उपकरण चिह्नांकन एवं यूडीआईडी कार्ड बनाए
बड़वानी 25 जुलाई 2026/ कलेक्टर जिला बड़वानी श्रीमती जयंति सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को सामाजिक न्याय विभाग एवं एलिम्को उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में एडीप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों हेतु हाथ-पैर, कैलीपर्स, सहायक उपकरण चिन्हांकन तथा ऑन-द-स्पॉट कृत्रिम अंग वितरण हेतु निःशुल्क शिविर का सफल आयोजन मांगलिक भवन ठीकरी में आयोजित किया गया।
शिविर में दिव्यांगजनों एवं श्राष्ट्रीय वयोश्री योजनाश् के अंतर्गत वरिष्ठ जनों को सहायक उपकरणों एवं कृत्रिम अंग वितरण हेतु चिह्नांकन किया गया। इसके साथ ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड जारी करने हेतु जिला मेडिकल बोर्ड, डीडीआरसी तथा जिले की प्रशासनिक टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम में नगर परिषद सीएमओ श्री यशवंत कुमार शुक्ला, जनपद पंचायत के खंड पंचायत अधिकारी श्री हेमंत वैष्णव एवं शिविर नोडल अधिकारी/प्रभारी श्री योगेंद्र सिंह सोलंकी विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिविर प्रभारी श्री योगेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि शिविर में कुल 165 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ जनों का पंजीयन किया गया। इसमें 50 दिव्यांग जनों को 91 उपकरण तथा वयोश्री योजना के तहत 17 वरिष्ठजनों को 95 उपकरण वितरण हेतु चिह्नांकित किए गए। इस प्रकार शिविर में कुल 186 उपकरण एवं 13 कैलीपर्स का चिह्नांकन संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त, 30 व्यक्तियों के नए दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं 70 व्यक्तियों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए, जबकि 13 व्यक्तियों को रोजगार के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। एक ही स्थान पर सभी सुविधाएँ मिलने से क्षेत्रीय हितग्राहियों को बड़ा लाभ पहुँचा है। अगला शिविर 26 जुलाई को जनपद परिसर पाटी में तथा 27 जुलाई को जिला दिव्यांग एवं पुर्नवास केन्द्र बड़वानी में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
49 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 27, 2026