भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा आमघाट रेलवे क्रॉसिंग पर बना पुल, निर्माण के एक साल में ही सड़क में पड़ी दरार
मिर्जापुर। आमघाट रेलवे क्रॉसिंग पर करोड़ों रुपये की लागत से करीब एक वर्ष पूर्व बनाए गए पुल की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। पुल की सड़क पर जगह-जगह दरारें पड़ने के साथ ही सड़क के धंसने के भी संकेत दिखाई देने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी पुल का निर्माण हुए एक वर्ष भी ठीक से पूरा नहीं हुआ है और सड़क की यह स्थिति चिंताजनक है। खास बात यह है कि इस बार अब तक कोई बहुत ज्यादा बारिश भी नहीं हुई है। रविवार को हुई बारिश के बाद ही नव निर्मित पुल की सड़क पर दरारें और धंसाव दिखाई देने लगा।
लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग से पुल के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले समय में पुल पर बड़ा हादसा हो सकता है।
अब सवाल यह उठता है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए इस पुल की सड़क महज एक बारिश में ही जवाब देने लगी तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी किस स्तर पर की गई थी?
Mirzapur, Mirzapur | Aug 3, 2026