प्रखंड की उच्च माध्यमिक विद्यालय निस्ता में नामांकन, रजिस्ट्रेशन एवं फॉर्म शुल्क अधिक वसूलने का आरोप लगाते हुए छात्रों एवं शिक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि ---- नहीं करता है। वायरल वीडियो के आधार पर अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने रविवार को विद्यालय जाकर विरोध प्रकट किया। छात्रों का आरोप है कि एचएम द्वारा नामांकन, रजिस्ट्रेशन तथा फॉर्म भरने का शुल्क अधिक वसूला जा रहा है। जो रसीद दी जा रही है उसमें रकम कम लिखी जाती है और वसूली अधिक की जा रही है। छात्र मो.फरहान, बेलाल अहमद, मो.शाहिद, रेहान आरजू, हसन अनवर आदि ने बताया कि 11वीं में नामांकन के लिए 940 रुपया का रसीद देकर 1430 रुपये वसूला गया। हयातपुर के छात्र मो.इरकान ने बताया कि पंजीयन शुल्क के नाम पर उससे 1430 रुपया वसूला गया और जो रसीद दी गई वह सफेद रंग की थी और उसपर किसी का हस्ताक्षर और मुहर भी नहीं था। जबकि अन्य छात्रों को पीले रंग की रसीद दी गई। छात्रों का आरोप है कि एचएम नितय चंद्र सेन और शिक्षक मो.जूही के द्वारा राशि वसूली गई है।
इस संबंध में पंचायत समिति प्रतिनिधि शमीम रेयाज, उप सरपंच सुशील यादव, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि एजाज, मो.फहद, एहतेकाम, मो खालिद, मो.लाडले, ललित कुमार, अजय कुमार आदि अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर इसकी जानकारी लेनी चाही। हालांकि लोगों के विद्यालय पहुंचने पर एचएम और शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित मिले। शैक्षणिक प्रभार में शिक्षक रमनजी देव थे उन्होंने बताया कि एचएम और शिक्षक आज छुट्टी पर हैं उन्हें केवल शैक्षणिक प्रभार दिया गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर उनके द्वारा विशेष जानकारी देने के असमर्थता जताते हुए कहा गया कि एचएम ही इस संबंध में जानकारी दे सकते हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के सवाल को लेकर विद्यालय में हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
हंगामे के बीच विद्यालय की एक महिला शिक्षिका ने आरोप लगाया कि कुछ छात्र कमेंट कर उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं। क्लास रूम के बाहर खिड़की के पास खड़े होकर छात्राओं को इशारा करते हैं। महिला शिक्षिका के आरोप पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि आपने कभी इस तरह की शिकायत स्थानीय लोगों से क्यों नहीं की। ऐसे छात्रों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विद्यालय प्रशासन कार्रवाई करे।
एचएम के शैक्षणिक प्रभार में मिले शिक्षक रमनजी देव ने बताया कि विद्यालय में एचएम सहित 18 शिक्षक हैं। वर्ग 9 से 12वीं तक 354 छात्रों का नामांकन है। मोबाइल पर एचएम नितय चंद्रसेन ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उन्होंने विद्यालय में योगदान दिया है। पूर्व के मामले को लेकर छात्र आरोप लगा रहे हैं जो मनगढ़ंत है। मेरे आने से पहले 2500 रुपया लिया जा रहा था उस समय तो कोई हंगामा नहीं हुआ क्योंकि पूर्व में एचएम लोकल और दबंग थे।
---
बीईओ विनोद कुमार ने बताया कि विद्यालय में छात्रों से अधिक वसूली की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अबतक किसी छात्र और अभिभावक ने लिखित में इस तरह की शिकायत नहीं दी है। उन्होंने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।
--
इधर, रविवार दोपहर से शुरू हुआ विवाद शाम तक जारी रहा। छात्रों एवं जनप्रतिनिधियों के विद्यालय जाने के बाद शिक्षकों की शिकायत पर सिंहवाड़ा थाना पुलिस भी विद्यालय पहुंची। शाम छह बजे के बाद तक पुलिस, शिक्षक और लोगों की बैठक विद्यालय में होती रही।