आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय के मिनी सभागार में जिला राजमार्ग सुरक्षा दल एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हिट एंड रन मामलों, यातायात नियमों के अनुपालन, ओवरलोडिंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी कुल 381 मामलों को भुगतान हेतु जनरल इंश्योरेंस काउंसिल को भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र मामलों में मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
नॉन हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक, ट्रैफिक को निर्देश दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन हेतु आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों को परिवहन विभाग को भेजना सुनिश्चित करें।
वाहनों की ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिमाह 90 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया।
हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर भी जिला पदाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लगातार औचक निरीक्षण एवं छापामारी अभियान चलाकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने जिले में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस, आरसीडी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी की संयुक्त समिति गठित करने का निर्देश दिया। समिति द्वारा दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
रोड साइनेज की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जिले के प्रमुख मार्गों पर आवश्यक रोड साइनेज का प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने आरसीडी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को आवश्यकतानुसार संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, विशेषकर बच्चों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी संकेतक लगाने पर जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने भागलपुर-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों कहीं भी सड़क पर गड्ढे हैं, उन्हें जल्द से जल्द भरने तथा सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Banka, Bihar | Aug 27, 2026