चित्रकूट। प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत अशोह में रात्रि जन चौपाल आयोजित, लोगों की समस्याओं को भी सुने, क्या होगा उनकी समस्याओं का समाधान, या फिर समाधान का केवल आश्वासन बस मिला है
गांव की समस्या, गांव में समाधान" अभियान के तहत ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं एवं योजनाओं का सत्यापन किया गया
माननीय मंत्री, औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई तथा निवेश प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' की अध्यक्षता में विकासखंड पहाड़ी की ग्राम पंचायत अशोह में *गांव की समस्या, गांव में समाधान अभियान के अंतर्गत रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया।*
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री डी.पी. पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अशोक जाटव, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री महेंद्र कोटार्य, पूर्व सांसद श्री आर.के. सिंह पटेल एवं श्री भैरों प्रसाद मिश्रा, जिला सहकारी बैंक बांदा-चित्रकूट के अध्यक्ष श्री पंकज अग्रवाल तथा ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी श्री सुशील द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने ग्राम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का ग्रामीणों के समक्ष सत्यापन कराया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, मनरेगा सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण योजना के पांच लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान श्रीमती मंटू देवी द्वारा प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों का जनपद के "एक जनपद, एक उत्पाद" (ओडीओपी) से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने ग्राम प्रांगण में पौधरोपण भी किया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रात्रि चौपालों के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन का सत्यापन किया जा रहा है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था के माध्यम से जनता को सीधे लाभ पहुंचा रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में आधारभूत संरचना एवं औद्योगिक विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी को ग्राम की आवश्यकता को देखते हुए एक अतिरिक्त सफाईकर्मी की तैनाती के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग ने प्रभारी मंत्री का स्वागत करते हुए ग्रामीणों को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम में 182 लाभार्थियों के नाम पात्रता सूची में शामिल किए गए हैं, जिनका सत्यापन खुली बैठक के माध्यम से कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई की जाती है, जिसमें प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जा रहा है।
रात्रि जन चौपाल का संचालन शिक्षक श्री साकेत बिहारी शुक्ला द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री स्वप्निल कुमार यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी श्री सत्यराम यादव, उपायुक्त मनरेगा श्री डी.एन. पांडेय, खंड विकास अधिकारी पहाड़ी श्री संजय कुमार पाण्डेय, ग्राम सचिव श्री विपिन कुमार कश्यप, ग्राम प्रधान श्रीमती मंटू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के श्री शक्ति प्रताप सिंह तोमर, श्री प्रकाश केसरवानी एवं श्री बाबूलाल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
Karwi, Chitrakoot | Jun 13, 2026