ऐतिहासिक भरत मिलाप पर याद आए पूर्व अध्यक्ष मदन बाबू, भरत लाल राही ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
#maunews #BharatMilap #MAU
हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद, भारत मिलाप को लेकर तैयारियां पूरी, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद प्रशासन
मऊ, मऊ के ऐतिहासिक भारत मिलाप के अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष भरत लाल राही ने कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजा अलक्षेन्द्र विक्रम सिंह उर्फ मदन बाबू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। कुछ महीने पहले हृदयाघात से हुए उनके निधन को याद करते हुए राही ने कहा कि मदन बाबू का योगदान केवल रामलीला कमेटी तक सीमित नहीं था, बल्कि वे आर्थिक रूप से कमजोर कई मेलों और दुर्गा पूजा समितियों का संचालन भी स्वयं करते थे और उनके आयोजन का खर्च भी उठाते थे। आज उनके न रहने से उनकी कमी गहराई से महसूस हो रही है।
भरत लाल राही ने मदन बाबू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मऊ के ऐतिहासिक भारत मिलाप की गौरवशाली परंपरा और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत मिलाप मऊ की पहचान और आस्था का प्रमुख प्रतीक है, जिसे देखने के लिए हर वर्ष दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार मेले में पुलिस बल की तैनाती अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं, ऐतिहासिक भारत मिलाप को लेकर भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन भी सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर मुस्तैद है।
भरत लाल राही ने विश्वास जताया कि जनसहयोग और प्रशासनिक सतर्कता के बीच मऊ का ऐतिहासिक भारत मिलाप अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप भव्यता के साथ संपन्न होगा।