गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी पर्व पर मिर्जापुर में गूंजा कीर्तन, जगह-जगह राहगीरों को पिलाया गया शर्बत
मिर्जापुर। सिख धर्म के पांचवें गुरु गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी पर्व पर रतनगंज स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारे में प्रार्थना, विशेष कीर्तन और अरदास का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
शहीदी पर्व के अवसर पर राहगीरों और आमजन के लिए शर्बत वितरण की व्यवस्था भी की गई। मिर्जापुर नगर में कई स्थानों पर सिख समाज के लोगों ने सेवा भाव से राहगीरों को शर्बत पिलाया।
वहीं कई जगहों पर हलुआ और चना की घुघरी का भी वितरण किया गया। भीषण गर्मी में लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना की।
सिख समाज के लोगों ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी की शहादत हमें मानवता, सेवा और त्याग का संदेश देती है।