डॉ. सौरभ बाजपेई के परिजनों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, बोले— यह आत्महत्या नहीं, हत्या का मामला प्रतीत होता है
#ajayray #lakhimpurkheri
औरैया / मोहम्मदी/लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय राय रविवार को मोहम्मदी पहुंचे और औरैया में हुई चर्चित डॉ. सौरभ बाजपेई प्रकरण में उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत चिकित्सक के पिता नंदकिशोर बाजपेई, माता दीपशिखा बाजपेई, पत्नी रूबी बाजपेई तथा अन्य परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि मोहम्मदी निवासी बीएएमएस चिकित्सक डॉ. सौरभ बाजपेई औरैया जनपद के तिलक नगर स्थित रामओतार मेमोरियल हॉस्पिटल में कार्यरत थे। परिजनों के आरोप के अनुसार अस्पताल संचालक पक्ष से विवाद के बाद उनके साथ मारपीट, अभद्रता और मानसिक प्रताड़ना की गई थी। घटना से पूर्व डॉ. सौरभ द्वारा बनाए गए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें उन्होंने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। कई दिनों की तलाश के बाद उनका शव बरामद हुआ। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस द्वारा अस्पताल संचालक की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।
परिजनों से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय राय ने कहा, "यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला प्रतीत होता है। पूरे शरीर और गले पर निशानों की बात परिजन बता रहे हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब डॉ. सौरभ न्याय की मांग लेकर पुलिस के पास गए थे, तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई? यदि एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे व्यक्ति को समझौता करने की सलाह दी गई, तो यह बेहद गंभीर विषय है। समझौता कराना पुलिस का काम नहीं है, कानून के अनुसार कार्रवाई करना उसका दायित्व है। यदि समय रहते उचित कार्रवाई की गई होती तो शायद आज डॉ. सौरभ हमारे बीच होते।"
अजय राय ने आगे कहा, "इस पूरे प्रकरण में संबंधित दरोगा और इंस्पेक्टर की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या दोष सामने आता है तो उनके विरुद्ध निलंबन सहित कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।"
इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया।
Laharpur, Sitapur | Jul 20, 2026