केलांग एंव साडा के अंतर्गत आने वाली अन्य पंचायतों के समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास को मिलेगी नई गति : विधायक अनुराधा राणा
साडा समिति की बैठक में सार्वजनिक सुविधाओं, पार्किंग, स्वच्छता, इको ट्रेल, हाई मास्ट व सोलर लाइट सहित विभिन्न विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश
Kullu Times
विधायक अनुराधा राणा ने आज केलांग में विशेष क्षेत्र विकास अभिकरण (साडा) समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान विधायक अनुराधा राणा ने केलांग एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं उनके नियमित रखरखाव को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने खंगसर इको ट्रेल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही उन्होंने केलांग में पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया को भी शीघ्र गति देने को कहा, जिससे बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके।
विधायक ने बिलिंग में निर्माणाधीन मुख्य द्वार के निर्माण कार्य को बिना विलंब आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रवेश द्वार क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन आकर्षण को नई पहचान प्रदान करेगा।
बैठक में केलांग में हाई मास्ट लाइटों की स्थापना तथा सीसू में स्थापित ट्रैफिक लाइट के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बन सके।
विधायक अनुराधा राणा ने केलांग बाजार में स्वच्छता व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई तथा कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बिलिंग में एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया, जिससे पर्यटकों के लिए नया आकर्षण विकसित हो सके।
बैठक में सोलर लाइटों की मरम्मत एवं नई सोलर लाइटों की स्थापना की समीक्षा भी की गई। विधायक ने बताया कि 50 नई सोलर लाइटों की खरीद की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जिन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुरूप शीघ्र वितरित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर रोशनी उपलब्ध हो सके।
विधायक अनुराधा राणा ने अधिकारियों से सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साडा के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
Kullu, Kullu | Jul 28, 2026