कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश)
प्रेस नोट
कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला बैतूल
दिनांक: 21 अक्टूबर 2026
🔹 *पुलिस स्मृति दिवस पर रक्षित केंद्र बैतूल में गरिमामय शोक परेड का आयोजन, शहीद पुलिस जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*
🔹 *पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने शहीद जवानों के नामों का वाचन कर उनके सर्वोच्च बलिदान को किया नमन*
🔹 *देश के 23 राज्यों एवं 7 सैन्य व अर्धसैनिक बलों के 154 शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि*
🔹 *शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर किया गया सम्मानित*
🔹 *पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, न्यायिक अधिकारियों एवं पूर्व सैनिक ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को किया नमन।*
🔹 पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज रक्षित केंद्र बैतूल स्थित शहीद स्तंभ पर गरिमामय शोक परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
🔹कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश चंद्र थपलियाल, रिटायर्ड कैप्टन श्री सुमित सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन, सिविल जज, अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे सहित पुलिस, होमगार्ड एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
🔹शोक परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री प्रदीप रघुवंशी एवं उप निरीक्षक श्री इरफान कुरैशी ने किया। कार्यक्रम का संचालन सूबेदार श्री नवीन सोनकर द्वारा किया गया।
🔹कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक को सलामी देने के साथ हुई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए जवानों के नामों का वाचन किया गया। इस दौरान देश के 23 राज्यों एवं 7 सैन्य व अर्धसैनिक बलों के कुल 154 शहीद जवानों को स्मरण किया गया, जिनमें मध्यप्रदेश के 9 वीर जवान भी शामिल थे।
🔹शहीदों के नामों के वाचन के उपरांत शोक परेड आयोजित की गई, जिसमें पुलिस जवानों ने अनुशासित एवं गरिमामय तरीके से सलामी देकर अमर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।
🔹*शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके त्याग, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की गई। शहीद जवानों का बलिदान देश की सुरक्षा, शांति और नागरिकों की रक्षा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
💐*पुलिस अधीक्षक बैतूल का शोक संदेश*
“पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान केवल पुलिस विभाग ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।
💐हमारे शहीद साथियों ने कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हुए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। उनका त्याग हमें सदैव जनसेवा, ईमानदारी, साहस और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।
💐मैं समस्त शहीद पुलिस जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना एवं सम्मान व्यक्त करता हूं। राष्ट्र की सेवा में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। बैतूल पुलिस शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर बनाए रखेगी।”
*शहीदों का बलिदान अमर रहे।*
*वीर शहीदों को शत-शत नमन।*
PRO
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश)