पारिवारिक विवाद को लेकर शराब के नशे में बेटा बना मां का कातिल
खबर देवरिया जिले से है, जहां सलेमपुर क्षेत्र के पिपरा नाजिर में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 50 वर्षीय महिला की अस्पताल में मौत हो गई। मामले में मृतका के बेटे पर हत्या का आरोप है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना के समय आरोपी के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार परिवार में काफी समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान बेटे ने अपनी मां संकेषा देवी के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला मौके पर ही गिर पड़ी।
वही घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और सलेमपुर कोतवाली पुलिस को अवगत कराया जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना में शराब के नशे और भूमि विवाद, दोनों पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है तथा साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Deoria, Deoria | Jul 30, 2026