दरभंगा के सिंहवाड़ा में एक किराएदार की दुकान की छत तोड़ दी गई। इससे दुकान में रखे लाखों रुपए का सामान नुकसान हुआ है। किराएदार ने दुकान मालिक के भाई पर छत तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय कुमार साह (28) ने सिंहवाड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। वे पिछले 15 सालों से कटासा चौक पर मो. राशिद मुस्ताक के किराए के मकान में 'अजय वस्त्रालय एंड रेडीमेड' नाम से कपड़े की दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं।
अजय ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें पड़ोसी दुकानदार से सूचना मिली कि उनकी दुकान की छत गिरा दी गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान की पूरी छत टूट चुकी थी और अंदर रखे कपड़े, फर्नीचर, काउंटर समेत अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इस घटना से उन्हें एक लाख रुपए से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है। अजय ने बताया कि उन्होंने दुकान चलाने के लिए लोन लिया था, जिसकी किस्तें अभी भी चल रही हैं। उन्होंने डॉ. साजिद मुस्ताक (45) पर छत तोड़ने का आरोप लगाया है, जो दुकान मालिक मो. राशिद मुस्ताक के भाई हैं।
अजय के मुताबिक, दो महीने पहले डॉ. साजिद मुस्ताक से उनकी दूसरी दुकान किराए पर लेने की बात चल रही थी। इसके लिए 75,000 रुपए एडवांस तय हुए थे, लेकिन बाद में डॉ. साजिद ने 1,00,000 रुपए की मांग की। अजय के मना करने पर डॉ. साजिद नाराज हो गए और बदले की भावना से यह तोड़फोड़ की।
अजय ने यह भी बताया कि जब उन्होंने डॉ. साजिद से नुकसान की भरपाई की बात की, तो उन्होंने मदद करने से इनकार कर दिया और अभद्र व्यवहार किया। डॉ. साजिद उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
सिंहवाड़ा थाना में कांड संख्या 310/26 दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। अजय ने बताया कि यह दुकान उनकी आय का एकमात्र जरिया थी। दुकान बंद होने के कारण उनकी आजीविका पूरी तरह ठप हो गई है और वे इस महीने की लोन की किस्त भी नहीं भर पाए हैं। सामाजिक फैसले के इंतजार में उन्होंने शिकायत दर्ज कराने में देरी की।
Singhwara, Darbhanga | Sep 13, 2026