➡️ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों को किया विमुक्त, नर चीते का नाम व्योम और मादा का नीरा रखा
➡️ कूनो और गांधीसागर के बाद अब बुंदेलखंड भी विश्व के वन्यजीव संरक्षण मानचित्र पर हुआ अंकित - मुख्यमंत्री
वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीता की विमुक्ति का यह क्षण देश में विलुप्त हो चुकी चीता प्रजाति की बुंदेलखंड में सफल पुनर्स्थापना का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है। उक्त विचार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीते विमुक्त करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने दोनों नए चीतों का नामकरण करते हुए नर चीता (पूर्व नाम थोलो) का नाम व्योम और मादा चीता (पूर्व नाम सीसीबी-3) का नाम नीरा रखा है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ संकल्प से शुरू हुआ चीता पुनर्स्थापना अभियान आज मध्यप्रदेश में सफलता के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर गौरव व्यक्त किया कि कूनो नेशनल पार्क और गांधीसागर अभयारण्य के बाद अब वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीतों की विमुक्ति से बुंदेलखंड का नाम भी विश्व के वन्यजीव संरक्षण मानचित्र पर प्रमुखता से अंकित हो गया है।
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीता विमुक्त कार्यक्रम के अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, रहली विधायक श्री गोपाल भार्गव, सांसद श्री राहुल लोधी, मुख्य वन संरक्षक, कमिश्नर श्री दिलीप कुमार, डीआईजी श्री एस.एस. चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, एसपी श्री अनुराग सुजानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
#CheetahProject #MadhyaPradesh #VeeranganaDurgavatiTigerReserve #Sagar #ProjectCheetah #CMMP #DrMohanYadav
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026