निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराएं कोशी स्नातक निर्वाचन का द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 : जिला पदाधिकारी।*
*निर्वाचन की पारदर्शिता एवं मतपेटिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता।*
*भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।*
*कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 निर्वाचन हेतु मतदान दलों की हुई विस्तृत ब्रीफिंग।*
*जिला पदाधिकारी ने दिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश ।*
कटिहार ,22 अक्टूबर 2026
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 अक्टुबर 2026 को डीआरसीसी में, श्री आशुतोष द्विवेदी भा०प्र०से०, जिला पदाधिकारी कटिहार, एवं श्री परिचय कुमार भा.पु.से. पुलिस अधीक्षक, कटिहार की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बीफ्रिंग में प्रतिनियुक्त सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
ब्रीफिंग के क्रम में जिला पदाधिकारी कटिहार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन कार्यों का सुचारू रूप से संचालन करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया को स-समय प्रारंभ कराने, मतपेटिकाओं एवं मतपत्रों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केंन्द्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केंन्द्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा निर्धारित परिधि के भीतर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं सूचनाओं के समयबद्ध अद्यतीकरण का निर्देश देते हुए कहा कि डिस्पैच सेंटर से प्रस्थान करने से पूर्व प्राप्त निर्वाचन सामग्री का चेकलिस्ट से अनिवार्य रूप से मिलान कर लिया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।
उन्होंने पी-1, पी-2 एवं पी-3 मतदान कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके दायित्वों के समुचित निर्वहन पर बल दिया। साथ ही, वायलेट रंग के पेन के उपयोग, मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन तथा मतदान के पश्चात मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक, कटिहार ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें तथा अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचने तथा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता कटिहार ,
अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कटिहार,उप निर्वाचन पदाधिकारी कटिहार, अनुमंडल पदाधिकारी/ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कटिहार,सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित रहें।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
कटिहार ।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Chief Electoral Officer, Bihar #katihar
Katihar, Bihar | Oct 22, 2026