*शाहजहांपुर में 18.74 करोड़ की लागत से मार्ग का शिलान्यास*
*वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और सांसद अरुण सागर ने किया भूमि पूजन*
शाहजहांपुर में सांसद अरुण सागर ने वित्तमंत्री सुरेश खन्ना के साथ एक महत्वपूर्ण मार्ग का शिलान्यास किया। यह मार्ग 107.08 मीटर लंबा होगा और नगर विधानसभा के ग्राम हथौड़िया के पश्चिमी कोने से पीपल घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर खन्नौत नदी सेतु के निर्माण को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा।
इस परियोजना में पहुँच मार्ग, अतिरिक्त पहुँच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी शामिल हैं। 18 करोड़ 74 लाख 81 हजार रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला यह सेतु क्षेत्र के हजारों नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाएगा।
सांसद अरुण सागर ने इस अवसर पर कहा कि शाहजहांपुर में विकास कार्यों के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं, जो जल्द ही जिले की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हो रहे विकास की सराहना की।
सांसद ने बताया कि जहां कुछ साल पहले सड़कें गड्ढों से भरी होती थीं, वहीं अब उन जगहों पर पक्की सड़कें बन गई हैं, जिन पर वाहन आसानी से चल सकते हैं। उन्होंने शाहजहांपुर में हो रहे विकास कार्यों का श्रेय वित्तमंत्री सुरेश खन्ना को दिया।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कें बनाई गई हैं और शहरी सड़कों को बेहतर किया गया है। सरकार विकास कार्यों के लिए बजट में कोई कमी नहीं कर रही है और लगातार सड़कों की मरम्मत तथा नए सड़कों के निर्माण के लिए बजट जारी किए जा रहे हैं।
सांसद ने जोर दिया कि सरकार हमेशा देश की जनता की सहूलियत के बारे में सोचकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लाकर गरीबों को उनका लाभ दिया जा रहा है और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। सांसद ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सेवा का अवसर देने के लिए देश की जनता का आभार व्यक्त किया।