70 हजार नगदी समेत 100 बाल्टी पेंट भी ले गए चोर, ट्रेडर्स की दुकान का ताला तोड़कर वारदात
सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के कृपालपुर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने एक ट्रेडर्स की दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश दुकान में रखे 70 हजार रुपए नकद के साथ करीब 20 लीटर क्षमता वाली 100 बाल्टी पेंट भी चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक वीरेश द्विवेदी शहर के उतैली मोहल्ले के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो काउंटर में रखे 70 हजार रुपए गायब थे। यह राशि एक पार्टी को भुगतान करने के लिए रखी गई थी। इसके अलावा दुकान में रखा बड़ी मात्रा में पेंट भी चोरी हो गया था। घटना की शिकायत कोलगवां थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।