UPI पर MDR के विरोध में 2 अक्टूबर को “NO UPI DAY”
- मोबाइल रिटेलर्स UPI स्वीकार नहीं करेंगे, QR Code पर काला कपड़ा लगाकर दर्ज कराएंगे सांकेतिक विरोध
सिरसा |
ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA), हरियाणा ने UPI के पात्र व्यापारी लेन-देन पर लागू किए गए 0.4% Merchant Discount Rate (MDR) के विरोध में 2 अक्टूबर 2026 को “NO UPI DAY” मनाने का आह्वान किया है।
आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से एसोसिएशन के प्रांतीय महासचिव कपिल अनेजा ने बताया कि नए UPI फ्रेमवर्क के तहत ₹2,000 से अधिक के पात्र Person-to-Merchant (P2M) लेन-देन पर 0.4% MDR लागू किया गया है। ₹75,000 या उससे अधिक के लेन-देन पर MDR अधिकतम ₹300 प्रति ट्रांजैक्शन तक सीमित रहेगा। वहीं P2P भुगतान, ₹2,000 तक के merchant payments तथा निर्धारित श्रेणी के छोटे व्यापारियों के भुगतान इससे मुक्त रहेंगे। सरकार के अनुसार लगभग 96% merchant transactions पर MDR का प्रभाव नहीं पड़ेगा।
हालांकि, मोबाइल रिटेल व्यवसाय में सामान्यतः लेन-देन की राशि ₹2,000 से काफी अधिक होती है। AIMRA का कहना है कि इस कारण मोबाइल एवं अन्य high-value retail businesses पर इस व्यवस्था का आर्थिक प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है।
“Digital India चाहिए तो UPI पर Zero MDR चाहिए”
कपिल अनेजा ने कहा कि “देश के मोबाइल रिटेलर्स ने डिजिटल भुगतान को अपनाने और ग्राहकों को UPI से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यदि डिजिटल भुगतान स्वीकार करने पर व्यापारी को अतिरिक्त लागत वहन करनी पड़ेगी, तो इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। हमारी मांग है कि व्यापारियों के लिए UPI को Zero MDR रखा जाए।”»
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन UPI अथवा Digital India के खिलाफ नहीं है, बल्कि व्यापारियों पर पड़ने वाले MDR के अतिरिक्त आर्थिक भार के विरोध में है।
इसी मांग को लेकर 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के अवसर पर AIMRA हरियाणा द्वारा “NO UPI DAY” मनाने का आह्वान किया गया है। आंदोलन में भाग लेने वाले मोबाइल रिटेलर्स उस दिन UPI भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे तथा अपने प्रतिष्ठानों पर लगे UPI QR Code को काले कपड़े से ढककर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे।
AIMRA हरियाणा ने केंद्र सरकार, वित्त मंत्रालय तथा संबंधित संस्थाओं से व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए MDR व्यवस्था पर पुनर्विचार करने तथा UPI merchant payments के लिए Zero MDR व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
Sirsa, Sirsa | Sep 26, 2026