गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: 50 हजार का इनामी बदमाश यूपी से गिरफ्तार, ज्वेलर्स लूट कांड का हुआ खुलासा
गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतौली ओपी स्थित लाला छापर बाजार के दीपक ज्वेलर्स में हुई लूट की वारदात में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी कुख्यात अपराधी मनिंदर मिश्रा को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। यह सफलता गोपालगंज पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के कुशल निर्देशन में गठित विशेष टीम और यूपी पुलिस व एसटीएफ के संयुक्त सहयोग से मिली है।
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 24 जून 2026 को लाला छापर बाजार में हथियारबंद अपराधियों ने दीपक ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेश पर हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में भोरे थानाध्यक्ष और जगतौली ओपी की विशेष टीम बनाई गई थी। अनुसंधान के दौरान पूर्व में ही इस कांड में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी मनिंदर मिश्रा फरार चल रहा था।
तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने यूपी पुलिस और एसटीएफ के समन्वय से आरोपी मनिंदर मिश्रा (निवासी- सुल्तानपुर, थाना- कटेया, गोपालगंज) को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के पास से नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ, जिसके चलते यूपी पुलिस द्वारा उस पर वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पूछताछ में मनिंदर मिश्रा ने ज्वेलर्स लूट कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कटेया, भोरे, कुचायकोट, थावे और नगर थाने में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के कुल 19 संगीन मामले दर्ज हैं।