हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस का CM आवास कूच, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
देहरादून। हल्द्वानी रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने देहरादून में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बीच प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में जुटे और मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च को पुलिस ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन में कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह और कवींद्र इष्टवाल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के लिए इस्तेमाल किए गए हल्द्वानी रामलीला मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किया जाना दलित समाज का अपमान है। पार्टी ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग भी दोहराई। पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए है।
प्रदर्शन के चलते देहरादून में पुलिस-प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी। कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन के बाद उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
Puraula, Uttarkashi | Sep 8, 2026