गर्मी में जलमीनार खराब, ग्रामीणों को पेयजल संकट।
गोड्डा:मेहरमा प्रखंड अंतर्गत डोय पंचायत में पेयजल आपूर्ति के लिए स्थापित जलमीनार पिछले तीन वर्ष से खराब पड़ा हुआ है। जलमीनार का निर्माण लगभग 50 घरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन लंबे समय से बंद रहने के कारण ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार के साथ-साथ गांव के 2 से 3 चापाकल भी खराब हैं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में महिलाओं एवं बच्चों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए लगभग आधा किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। इससे उन्हें प्रतिदिन काफी परेशानी और समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार और चापाकलों की मरम्मत को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब जलमीनार एवं खराब चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में पेयजल संकट से राहत मिल सके। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
#गोड्डा #mahagama #Lalmatia #followersシ゚ #मेहरमा DC Godda