#टपकेश्वर_के_माता_वैष्णो_देवी_गुफा_योग_मंदिर_में_शारदीय_नवरात्रि_के_भजनों_से_गुंजायमान_हुआ_वातावरण।
देहरादून टपकेश्वर स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में चल रहे विशेष शारदीय नवरात्रि पूजा अनुष्ठान के तहत आज मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस पावन अवसर पर मंदिर के संस्थापक योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी के सानिध्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण अत्यंत भक्तिमय और ऊर्जायमान हो उठा।
#भजन_कीर्तन_से_मंत्रमुग्ध_हुए_श्रद्धालु
धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में आज जैतनवाला दुर्गा मंदिर की सुप्रसिद्ध भजन कीर्तन मंडली ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। मंडली द्वारा गाए गए विशेष भजनों—"लाल लाल चुनरी सितारों वाली, जिसे ओढ़ के आई है मां शेरों वाली...", "चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है..." और "मां मुरादें पूरी कर दे, हलवा बांटूंगी..." पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। इन सुमधुर भजनों की गूंज से मंदिर का वातावरण पूरी तरह से शक्तिमयी और अलौकिक नजर आया।
#दिव्य_अनुष्ठान_और_विशेष_पूजा_अर्चना_कार्यक्रम:-
प्रातः काल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान विद्वान ब्राह्मणों द्वारा श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ अत्यंत विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया, जिसमें विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं द्वारा मां के चरणों में नारियल, चुनरी, फल और मिष्ठान आदि श्रद्धापूर्वक अर्पित किए गए।
#संध्याकालीन_भव्य_श्रृंगार_और_आरती
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, शाम के सत्र में माता वैष्णो देवी का विशेष अलौकिक श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने शामिल होकर पुण्य लाभ कमाया। आज के इस भव्य और सफल आयोजन को संपन्न कराने में मंदिर के संस्थापक योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी, डॉ. मथुरा दत्त जोशी, भगवती जोशी, गीता जोशी, ऋषिपाल हर्षपति रयाल, आचार्य आयुष पोखरियाल और विजय पाल सहित अनेक सेवादारों का विशेष व सराहनीय सहयोग रहा।