हल्द्वानी: लालकुआं मार्ग स्थित तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात करीब 10 बजे स्कॉर्पियो और स्कूटी की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो (UK04U7275) बरेली से ज्योलीकोट जा रही थी, जबकि स्कूटी (UK06AL3477) पर चार युवक सवार थे। मृतकों की पहचान राहुल राजपूत, शिवम और अंशु आर्या के रूप में हुई है। वहीं आदि टम्टा गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल व घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।