बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने को संग्रहालय का होगा कायाकल्प : सीएम
सीएम ने जगदीशपुर स्थित स्मृति संग्रहालय का किया निरीक्षण, पर्यटकों के साथ शोधार्थियों की सुविधाओं पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को जगदीशपुर स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद संग्रहालय में रखी ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक सामग्री का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन, संघर्ष, शौर्य और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े तथ्यों एवं घटनाओं की जानकारी ली। संग्रहालय में वीर कुंवर सिंह की निजी वस्तुओं और उनके द्वारा उपयोग किए गए हथियारों की प्रतिकृति भी मुख्यमंत्री को दिखाई गई।
मुख्यमंत्री के समक्ष बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय के कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण इस तरह किया जाए कि उनकी वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थल केवल पर्यटकों के लिए ही नहीं, बल्कि बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन एवं स्वतंत्रता आंदोलन पर अध्ययन करने वाले शोधार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां आने वाले लोगों के रहने-सहने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में मौजूद ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक साक्ष्यों को संरक्षित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संग्रहालय परिसर में स्थित तालाब का बेहतर ढंग से सौंदर्यीकरण करने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण तथा कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभागों की योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्यकर्मियों से जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों के इलाज से जुड़ी जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की ओर से निर्मित विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और उनके उत्पादों व प्रयासों की सराहना की। कला एवं संस्कृति विभाग के स्टॉल पर कलाकार पेंशन योजना के लाभुकों ने पेंशन का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
ये रहे मौजूद : मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राधाचरण साह, विधायक जीवन कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।