देवरिया में दो व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी, हत्/या की आशंका; जांच के लिए तीन टीमें गठित
मइल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के बगल में सड़क किनारे मिले दोनों के शव, पुलिस जांच में जुटी
देवरिया। जिले के मइल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के बगल में सड़क किनारे दो व्यक्तियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, दोनों व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मामला ह/त्या का प्रतीत हो रहा है।
देवरिया पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के बगल में दो व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई।
मृतकों की पहचान मइल थाना क्षेत्र के निवासी वकील यादव, पुत्र राजदेव यादव, तथा विनय यादव, पुत्र रामछबीला यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के अनुसार, घटना का सफल अनावरण करने के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल, घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। मामले में आगे की जानकारी जांच के निष्कर्षों के आधार पर सामने आएगी।