बेनीगंज में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, जेसीबी चालक घायल, फायरिंग के आरोप से पुलिस का इनकार
.
#हरदोई: बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पट्टी नयागांव में मंगलवार को भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर जमकर हंगामा हुआ, जिसमें जेसीबी चालक घायल हो गया। वहीं एक पक्ष ने कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने गोली चलने की घटना से साफ इनकार किया है।
पट्टी नयागांव निवासी कपिल अवस्थी व अवनीश अवस्थी पुत्रगण इंद्रसेन अवस्थी ने बताया कि ग्राम नयागांव स्थित एक भूमि वर्ष 2014 से उनके परिवार के कब्जे में है। उनके अनुसार उक्त भूमि का बैनामा उनकी पारिवारिक सदस्य कुसुमा देवी के नाम नयागांव निवासी रामसेवक से कराया गया था। उनका कहना है कि उसी भूमि पर विपक्षी पक्ष द्वारा दीवार का निर्माण कराया जा रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया।
इंद्रसेन अवस्थी के अनुसार भूमि की साफ-सफाई कराने के उद्देश्य से उन्होंने मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई थी। आरोप है कि जैसे ही जेसीबी कार्य शुरू करने पहुंची, तभी विपक्षी पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान मिश्रिख थाना क्षेत्र के भिठौली गांव निवासी जेसीबी चालक शरद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
घटना को लेकर इंद्रसेन अवस्थी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बेनीगंज पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार करते हुए कहा कि मौके पर गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। जहां विपक्षियों की माने तो उनके अनुसार जहां पर वह दीवार खड़ी कर रहे थे वह उनके स्वयं की भूमि है जिसका किसी से किसी प्रकार का कोई वास्ता नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना मिलते ही प्रताप नगर पुलिस चौकी प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया, जिससे तनावपूर्ण माहौल पर काबू पाया जा सका।
घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
094512 76006
Hardoi, Hardoi | Jul 28, 2026