नैनी के महेवा गेट पर चला PDA का बुलडोजर, 38 अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
प्रयागराज। नैनी क्षेत्र के महेवा गेट स्थित सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार सुबह प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) और प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुबह 3 बजे से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, जबकि सुबह 6 बजे से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया।
शनिवार को हुई कार्रवाई के दौरान महिलाओं के विरोध को देखते हुए इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। नैनी, करछना, औद्योगिक, कौंधियारा और बारा थानों की पुलिस के साथ पीएसी भी मौके पर तैनात रही। अभियान का नेतृत्व करछना एसडीएम ने किया, जबकि तहसील प्रशासन और PDA की टीम पूरी कार्रवाई के दौरान मौजूद रही।
प्रशासन के अनुसार, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए 38 मकानों को पहले ही नोटिस जारी किया गया था। नोटिस अवधि पूरी होने के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
Bara, Allahabad | Jul 15, 2026