➡️ केंद्रीय जेल सागर में न्यायोत्सव का आयोजन, बंदियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश"
सागर 16 नवंबर 2026
केंद्रीय जेल, सागर में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सागर के कुशल मार्गदर्शन में साक्षरता शिविर एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों के बीच विधिक साक्षरता (लीगल लिटरेसी) को बढ़ावा देना, उन्हें उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें सामाजिक चेतना विकसित करना था। साथ ही, उन्हें शिक्षा एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बंदियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने तथा एक स्वस्थ, सम्मानजनक एवं सकारात्मक भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जेल में निरुद्ध पुरुष बंदियों द्वारा नशा मुक्ति विषय पर आधारित प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। वहीं महिला बंदियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नेहा बंसल द्वारा महिला बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री संतोष सैनी द्वारा पुरुष बंदियों को विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता के संबंध में 'जानकारी देते हुए बताया गया कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बंदी न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे और न ही स्वयं को असहाय महसूस करे। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है।
कार्यक्रम का संचालन सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती गीता राठौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक श्री रमेश चंद्र आर्य द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपअधीक्षक श्री मनोज मिश्रा सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026