विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत खरगोन में युवा संसद का आयोजन
________________
युवा संसद में भूपेंद्र यादव प्रथम, शशांक कोगे द्वितीय और प्रियंका यादव तृतीय
________________
‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर युवाओं ने रखे विचार, चुनावी व्यस्तता और लोकतांत्रिक जवाबदेही पर हुआ मंथन
________________
खरगोन 04 नवंबर 2026। मेरा युवा भारत (माय भारत) खरगोन द्वारा जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल के निर्देशानुसार अभ्युदय यूनिवर्सिटी, खरगोन में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के अंतर्गत युवा संसद का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। युवा वक्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यस्तता, विकास कार्यों और लोकतांत्रिक जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने तर्क रखे।
युवाओं ने कहा कि एक साथ चुनाव कराने से बार-बार होने वाली चुनावी और प्रशासनिक व्यस्तता में कमी आ सकती है। इससे शासन एवं प्रशासन को विकास कार्यों के लिए अधिक समय मिल सकेगा। वहीं, कुछ प्रतिभागियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही, पारदर्शिता और सक्रिय जनभागीदारी को आवश्यक बताया। युवाओं ने तथ्यों और तर्कों के साथ अपने विचार रखते हुए विषय पर सार्थक संवाद किया।
युवा संसद में भूपेंद्र यादव ने हासिल किया प्रथम स्थान
जिलेभर के युवाओं ने संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए समसामयिक राष्ट्रीय विषय पर संवाद किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय की समझ, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में भूपेंद्र यादव ने प्रथम, शशांक कोगे ने द्वितीय तथा प्रियंका यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय चरण में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवाओं में नेतृत्व और लोकतांत्रिक समझ विकसित करने का मंच
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री भोलू कर्मा, जिला खेल अधिकारी सुश्री पवी दुबे एवं डिप्टी रजिस्ट्रार श्री अखिलेश कानूनगो उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं के विचारों एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक समझ, तार्किक चिंतन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
विजेताओं ने रखे अपने विचार
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले भूपेंद्र यादव ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों के कारण प्रशासनिक तंत्र लगातार चुनावी प्रक्रिया में व्यस्त रहता है। एक साथ चुनाव कराने से जनप्रतिनिधियों को नीतियों के क्रियान्वयन और अपने वादों को पूरा करने के लिए अधिक समय मिल सकेगा। चुनावी प्रक्रिया विकास कार्यों में बाधा नहीं बननी चाहिए। मजबूत लोकतंत्र के साथ विकसित भारत का निर्माण हमारा प्राथमिक ध्येय होना चाहिए।
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले शशांक कोगे ने कहा कि देश को केवल चुनावी व्यवस्था में बदलाव की ही नहीं, बल्कि अधिक पारदर्शी और जवाबदेह लोकतंत्र की आवश्यकता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विभिन्न क्षेत्रों के मुद्दों और विचारों को उचित स्थान मिलना चाहिए। चुनाव प्रणाली में बदलाव के साथ जनता की सक्रिय भागीदारी और सरकारों की जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रियंका यादव ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव की अवधारणा से समय, राजस्व और मानव संसाधनों की बचत संभव है। प्रशासनिक मशीनरी बार-बार चुनावी कार्यों में व्यस्त रहने के बजाय जनहित एवं विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेगी। संसाधनों का बेहतर उपयोग विकसित भारत की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
युवाओं की सहभागिता से कार्यक्रम सफल
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत खरगोन के स्वयंसेवकों एवं युवा साथियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन कृतिका गुप्ता ने किया। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संसदीय प्रक्रिया से परिचित कराना तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उनकी नेतृत्व क्षमता और विचार अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम के समापन पर अभिषेक राठौड़ ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 4, 2026