घुमारवीं में 20 मिनट की बारिश से बाजार बना तालाब, नालियों की सफाई व्यवस्था पर सवाल
घुमारवीं। महज 15 से 20 मिनट की बारिश ने घुमारवीं बाजार की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के दौरान बस स्टैंड के नजदीक स्थित सड़क और बाजार का हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुकानदारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन नालियों की सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था को अभी तक प्रॉपर तरीके से दुरुस्त नहीं किया जा सका है। दुकानदारों के अनुसार, बाजार की कई नालियां कूड़े-कचरे से भरी रहती हैं। कुछ स्थानों पर नालियों में कूड़ा जमा होने के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पाता और सड़कों पर जमा हो जाता है।
दुकानदारों का कहना है कि घुमारवीं बस स्टैंड के नजदीक बारिश के दौरान स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो जाती है और कुछ ही देर की बारिश में यह हिस्सा तालाब का रूप ले लेता है। उनका कहना है कि प्रशासन को इस समस्या के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
दुकानदारों के मुताबिक, यदि बाजार की नालियों की नियमित और उचित तरीके से सफाई करवाई जाए तथा उनमें जमा कूड़े को पूरी तरह हटाया जाए, तो जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। दुकानदारों ने नगर परिषद और प्रशासन से नालियों की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करवाने की मांग की है।