बाइक से 6200 किमी की दुर्गम यात्रा पूरी कर हरिओम ने रचा इतिहास
भरवाड़ा नगर पंचायत के पुरानी बाजार वार्ड संख्या चार निवासी विनोद साह के पुत्र हरिओम कुमार ने ने अपने आत्मविश्वास व दृढ़ संकल्प के बल पर करीब 6200 किलोमीटर की बाइक से चुनौतीपूर्ण यात्रा पूरी कर नया कीर्तिमान बनाया है. हरिओम ने लद्दाख की सबसे ऊंची और खतरनाक मोटरेबल सड़कों को सफलतापूर्वक पार कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है. हरिओम ने अपनी इस साहसिक यात्रा के दौरान लद्दाख के कई दुर्गम और चुनौतीपूर्ण दरों को पार किया. इनमें जोजिला पास (11,649 फीट), बारालाचा ला (16,040 फीट), खारटुंग ला (17,582 फीट) तथा दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल सड़क उमलिंग ला पास (19,024 फीट) सहित कई अन्य महत्वपूर्ण दरें शामिल थे. इतनी अधिक ऊंचाई पर सामान्य व्यक्ति के लिए सांस लेना भी अत्यंत कठिन होता है, लेकिन हरिओम ने अपने साहस और आत्मविश्वास के बल पर इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया.
यात्रा के दौरान उन्हें बेहद कठिन ऑफ-रोड ट्रैक, संकरी सिंगल लेन सड़कों और हजारों फीट गहरी खाइयों का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर सड़क के एक ओर ऊंचे पहाड़ और दूसरी ओर गहरी खाई होने के कारण हर मोड़ जोखिम से भरा था. हरिओम ने बताया कि बताया कि इस दौरान वे ऐसे दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों और जंगलों से भी गुजरे, जहां स्नो लेपर्ड (हिम तेंदुआ) जैसे दुर्लभ वन्य जीव पाए जाते हैं. कठिन मौसम, भारी बर्फबारी, ऑक्सीजन की कमी, खराब सड़कें और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनके हौसले बुलंद रहे. हरिओम कुमार 14 जून को भरवाड़ा से अपनी यात्रा पर निकले थे. उन्होंने बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, सोनमर्ग और कारगिल होते हुए लद्दाख पहुंचकर वहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया. वे मनाली, हिमाचल प्रदेश पहुंचकर लद्दाख सर्किट को पूरा करते हुए 15 दिनों में करीब 6200 किलोमीटर का सफर तय कर सकुशल भरवाड़ा लौटे.