चित्रकूट बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद के काफिले में हुए पथराव के विरोध भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन डीएम को सौंपा ज्ञापन चित्रकूट आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आज बुधवार की सुबह 11 बजे जिला अध्यक्ष जितेंद्र सोनकर एवं जिला महासचिव विनोद वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में जनपद गोंडा में विनोद साहनी एवं रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के मामलों में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही, 13 सितंबर 2026 को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद चन्द्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने के बाद हुए पथराव एवं हमले की जांच, क्षतिग्रस्त वाहनों एवं घायल कार्यकर्ताओं के संबंध में कार्रवाई तथा सांसद की सुरक्षा का तत्काल थ्रेट असेसमेंट कराने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की मांगों का समाधान, 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन तथा सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद, मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य इस्लामिक धार्मिक स्थलों के संबंध में कानून के अनुसार निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कुलदीप वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष देवशरण चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष कमल सूर्यवंशी, राजेश सोनकर, रमाशंकर चक्रवर्ती, सुनील अंबेडकर, जिला प्रभारी रविराज, अर्जुन, सविता, श्रीपाल प्रजापति, वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी ने सभी मांगों पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश देने का अनुरोध किया।
Karwi, Chitrakoot | Sep 16, 2026